
शिलाई (सिरमौर)। 25वीं अंडर-19 जोनल बालिका खेलकूद प्रतियोगिता में क्षेत्र के 18 सरकारी और एक निजी स्कूल की छात्राएं भाग ले रही हैं। शिलाई जोन की इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला सिरमौर के एएसपी भगतराम ठाकुर ने किया।
प्रतियोगिता में कबड्डी का उद्घाटन मैच नैनीधार और शिलाई के बीच खेला गया। इसमें शिलाई ने नैनीधार को एकतरफा मुकाबले में 55-15 से पटकनी दी। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। आर्कषण का केंद्र हिमानी एवं सखियों की ओर से डाली गई पहाड़ी नाटी ‘नावगी दी देंई लोई मटियाने खे धावो’ रही। प्रस्तुति देख मुख्य अतिथि सहित पंडाल में बैठे सभी दर्शक थिरकने पर मजबूर हो गए। नाटी को सभी दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य दलीप सिंह नेगी ने 25वीं अंडर 19 जोनल बालिका खेलकूद प्रतियोगिता की सारी रूप रेखा रखी।
