लोनिवि की लापरवाही ग्रामीणों पर पड़ रही भारी

धौलाकुआं (सिरमौर)। कोलर से हरिपुरखोल की ओर जाने वाला सड़क मार्ग पांच जुलाई से बंद पड़ा है। बरसात के चलते मलबा तथा पत्थर गिरने के कारण सड़क मार्ग पर आवाजाही नहीं हो पा रही है। 18 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग का लाभ हरिपुरखोल और मातर पंचायत के ग्रामीणों को मिलता है। मार्ग बंद होने से बसें नहीं चल पा रही हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस 18 किमी मार्ग के तहत एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित दर्जनों अन्य स्कूल पड़ते हैं। मार्ग पर बस नहीं चलने से स्कूली बच्चों के अलावा सरकारी कर्मचारियों तथा कामकाजी लोगों के सामने ज्यादा दिक्कतें पेश आ रही हैं।
पंचायत प्रधान हरिपुरखोल निर्मला जंग, वार्ड सदस्य लायक सिंह, पूर्व एसएमसी प्रधान मोहिंद्र सिंह, बलदेव दत्त शर्मा, प्रीतम चंद, अनवर खान, इंतजार अली, बलबीर सिंह, राजपाल, रणवीर सिंह, राजवीर, सतपाल ने बताया कि कहा कि पांच जुलाई से यह मार्ग बंद पड़ा है। लेकिन लोनिवि मार्ग को चालू नहीं कर पा रहा है। विभाग की लापरवाही के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि सड़क मार्ग जल्द नहीं खोला गया तो ग्रामीण लोनिवि के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
उधर, इस संबंध में लोनिवि पांवटा के सहायक अभियंता बीके अग्रवाल ने बताया कि सड़क मार्ग खोलने का काम लगातार जारी है। एक ट्रक के धंसने से काम में बाधा पैदा हुई। शीघ्र ही सड़क मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts