
शिमला। शिक्षा विभाग में पीटीआई से डीपीई की पदोन्नति से शिक्षकों को डर लगने लगा है। पदोन्नति के बावजूद इनके वेतन में लगभग एक हजार रुपये की कमी हो रही है। नए वेतनमान में पीटीआई को 4400 और डीपीई को 3600 रुपये का ग्रेड पे दिया है। हालांकि, पहले डीपीई का ग्रेड पे टीजीटी के बराबर रहता था। शिक्षक संघों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर राहत देने की मांग की है। पिछले एक साल से स्कूलों मेें तैनात बारह सौ से ज्यादा डीपीई वेतन विसंगति भुगत रहे हैं। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के अध्यक्ष पीआर संख्यान ने सरकार और विभाग से मांग की है कि शीघ्र ही वेतन विसंगति को दूर किया जाए।
उन्होंने बताया कि पहले स्कूलों में डीपीई को टीजीटी के बराबर ग्रेड पे मिलता था। नए वेतनमान के बाद डीपीई का ग्रेड पे 3600 रुपये किया और पीटीआई का ग्रेड पे 4400 रुपये कर दिया है। इसके बाद पदोन्नति मिलती है तो शारीरिक शिक्षकों का वेतन ही कम हो रहा है। इसलिए शिक्षक पदोन्नति पर खुश होने की बजाय डरने लगे हैं। संघ के अध्यक्ष ने इस मामले में अब मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर राहत देने की मांग की है।
