
शिमला। स्पेशल रोड टैक्स (एसआरटी) जमा न करने वाले बस ऑपरेटरों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसते हुए तीन बसें जब्त की हैं। एसआरटी जमा किए बिना अवैध रूप से इन बसों का संचालन किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत परिवहन विभाग ने 141 वाहनों के चालान कर करीब 1.14 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रविंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
नियमों कानून को ताक पर रखकर सेब सीजन के दौरान अवैध लाइसेंसों पर वाहन दौड़ाए जा रहे हैं। अवैध लाइसेंस पर गाड़ी चला रहे चालक न सिर्फ नियमों की अनदेखी कर रहे हैं बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा साबित हो रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत शिमला, ठियोग, चौपाल, नेरुवा, त्यूणी और रोहड़ूू में अवैध लाइसेंस पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 141 वाहनों के चालान किए हैं। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि विभाग के आला अधिकारियों के निर्देशों पर आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
