वल्लभ कॉलेज में छाया रहा सन्नाटा

मंडी। वल्लभ कॉलेज मंडी में एससीए चुनाव में धांधली के उठे सवाल एवं बवाल के बीच मंगलवार को कॉलेज परिसर में छात्रों को जाने नहीं दिया गया। पुलिस जवानों ने विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं सहित आम छात्राें को परिसर में प्रवेश नहीं होने दिया। इससे दिनभर कॉलेज में सन्नाटा छाया रहा। जानकारी के मुताबिक कॉलेज स्टाफ काउंसिल ने आपातकालीन बैठक कर निर्णय लिया है कि जब तक माहौल शांतिपूर्ण नहीं हो जाता वे लेक्चर नहीं देंगे। मंगलवार को छात्रों को कॉलेज परिसर में प्रवेश न देने पर अभाविप ने आपत्ति जताई। कार्यकर्ताआें का कहना है कि पुलिस ने सभी छात्राें को गेट से ही खदेड़ दिया। तर्क दिया कि नॉन टीचिंग डे के दिन भी कालेज खुला रहता है, लेकिन कॉलेज प्रशासन के दिशा निर्देशाें पर पुलिस ने विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं सहित आम छात्रों को भी प्रवेश नहीं दिया। परिसर में दिनभर पुलिस का पहरा रहा।

कॉलेज प्रशासन आम छात्रों के अधिकारों को छीन रहा है। मंगलवार को नॉन टीचिंग डे के चलते कॉलेज परिसर दिन भर खाली रहा। जबकि, सुबह कॉलेज में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राएं आए थे। जिन्हें पुलिस ने कॉलेज के गेट से ही खदेड़ दिया।
-योगेश ठाकुर इकाई अध्यक्ष अभाविप।

स्टाफ काउंसिल ने बैठक कर निर्णय लिया है कि कॉलेज के माहौल को देखते हुए नॉन टीचिंग डे रखेंगे। बेवजह कॉलेज का माहौल खराब किया जा रहा है। मंगलवार को नॉन टीचिंग डे था। कालेज के माहौल को देखते हुए छात्रों को प्रवेश नहीं मिला।
-एमएस जम्वाल प्राचार्य वल्लभ कालेज मंडी।

Related posts