
पधर (मंडी)। कटौला खंड की अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटिंडी में संपन्न हो गई। समापन समारेाह की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने की। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष शिक्षा पर 3836 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, खेलों को बढ़ावा देने के लिए 24 करोड़ का प्रावधान किया गया। कटिंडी स्कूल में 57 लाख की लागत से भवन का निर्माण किया जा रहा है। स्कूल में डंगा लगाने के लिए भी धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने स्कूल मैदान के बाहर जाली लगाने के लिए 50 हजार देने की घोषणा की। कटिंडी तथा आसपास के क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए ग्राम पंचायत कटिंडी, तरयाबली तथा टांडू के लिए 3 करोड़ 40 लाख की पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। अन्य क्षेत्रों के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपये की एक अन्य पेयजल योजना बनाई जाएगी।
खेलकूद प्रतियोगिता में वॉलीबाल का खिताब दयोरी स्कूल ने जीता। जबकि, उच्च विद्यालय हटौण ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में नैहली स्कूल ने पहला तथा टटौण ने दूसरा, खोखो में मैहनी ने पहला तथा टिहरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में हटौण ने पहला तथा कोट सनोर दूसरे स्थान पर रहा। मैहणी स्कूल को सर्वश्रेष्ठ ट्राफी प्रदान की गई। आल राउंड बेस्ट का खिताब राजकीय माध्यमिक पाठशाला मैहणी ने प्राप्त किया। प्रधानाचार्य सुशील अरोड़ा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष जोगेंद्र गुलेरिया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर, पंचायत समिति अध्यक्ष जगरनाथ सकलानी, सदस्य निर्जला, एसडीएम शुभकरण सिंह, चिकित्सा अधीक्षक हेमंत कपूर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
