जल्द बहुरेंगे घुमारवीं बस अड्डे के दिन

घुमारवीं/भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं बस अड्डे के दिन जल्द बहुरने की उम्मीद है। बस अड्डे में यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर मरम्मत का आवश्यक कार्य आगामी सितंबर में शुरू कर दिया जाएगा। इसकी टारिंग के लिए भी एस्टीमेट बनाया जा रहा है। बसों की संख्या में हो रही वृद्धि के चलते बस अड्डे के विस्तारीकरण की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।
घुमारवीं में बस अड्डे की हालत बेहद खराब हो चुकी है। बस अड्डे में पड़े गड्ढों के कारण बसों में बैठे यात्रियों को हिचकोले सहन करने पड़ते हैं। बारिश होने पर बस अड्डा परिसर किसी तालाब की तरह नजर आता है। वहीं, शौचालयों की हालत भी दयनीय है। बसों की बढ़ती संख्या की तुलना में बस अड्डा छोटा पड़ने लगा है। इसके चलते अक्सर जाम की नौबत भी पैदा हो जाती है।
बस अड्डे की हालत सुधारने के लिए घुमारवीं के एसडीएम राजीव कुमार, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार व लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी वर्मा ने इसका जायजा लिया। बस अड्डे के साथ ही उन्होंने शौचालय तथा चालक विश्राम कक्ष का मुआयना भी किया। आरएम संतोष कुमार ने बताया कि आगामी सितंबर में रिपेयर का काम शुरू कर दिया जाएगा। घुमारवीं बस अड्डा लगभग 200 बसाें के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में रोजाना करीब 300 बसें यहां से आती-जाती हैं। इसके मद्देनजर बस अड्डे के विस्तारीकरण की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

Related posts