
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की सुनूह और किलोड़ पंचायत में बारिश ने कहर बरपाया है। क्षेत्र में पिछले दिनों हुई बारिश से करीब तीन मकान और दो गौशालाएं गिर गई हैं, इसके अलावा दो तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे स्थानीय वाशिंदों को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक किलोड़ पंचायत के सरोगा निवासी सुनील कुमार पुत्र जमन दास का मकान गिर गया है। इससे उसे लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बलदेव पुत्र सुंदर निवासी तलाई का रसोईघर गिर गया है। इसके अलावा मकान में भी दरारें आ गई हैं। इससे उसे 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। चैन सिंह निवासी बाड़ी के घर के बरामदे में भारी बारिश के कारण मलबा घुस गया है और घर के आगे लगा डंगा ढह गया है। इससे उसके मकान को खतरा पैदा हो गया है। बशीर मोहम्मद निवासी भसुआ का मकान गिर गया है। इससे उसे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा जुहार पुत्र रूप सिंह निवासी किलोड़ की गौशाला गिर गई है। यही नहीं अमर नाथ पुत्र रूप सेन निवासी किलोड़ और नैणो पत्नी स्वर्गीय लाहुल निवासी द्रोबड़ी, अते पुत्र अनवर निवासी ढलगा और प्यार चंद निवासी धरवेरण की गौशालाएं गिर गई हैं। सुनूह पंचायत के प्रधान फारूक बट्ट और किलोड़ के प्रधान डुम राम ने बताया कि बारिश से उनकी पंचायत में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा दिया जाए। इस संबंध में तहसीलदार दिले राम भारद्वाज ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजा गया है । बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को जल्द उचित मुआवजा दे दिया जाएगा।
