
धर्मशाला। जिले में अलग-अलग जगहों पर वाहनों की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें का इलाज टांडा मेडिकल कालेज और सीएचसी बैजनाथ में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर के स्थाना के पास ट्रक की टक्कर से कुलवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने चालक मेहरदीन निवासी धारगुजरन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस स्टेशन थाना में विजय कुमार निवासी स्थाना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब कुलवीर सिंह स्थाना में सड़क किनारे जा रहा था तो इसी दौरान ट्रक की टक्कर लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उधर, पठानकोट-मंडी मार्ग पर आईटीआई बैजनाथ के पास एक मोटरसाइकिल की चपेट में एक महिला आ गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल का इलाज सीएचसी बैजनाथ में चल रहा है। अब घायल महिला की हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। बैजनाथ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, भवारना थाना के अंतर्गत दरंग चौक पर मोटरसाइकिल सवार ने तेज गति से वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
