प्राइमरी स्कूल कोटी मदोला के पीछे गिर रहा सड़क का मलबा

रुद्रप्रयाग। विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत कोटी मदोला में सणगू-सारी मोटर मार्ग के कारण प्राथमिक विद्यालय कोटी मदोला को खतरा हो गया है। बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन से सड़क का मलबा स्कूल के पीछे गिर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोड कटिंग से जूनियर हाईस्कूल कोटी मदोला की पेयजल योजना की दो वर्ष बाद भी मरम्मत नहीं करवाई गई है।
जूनियर हाईस्कूल कोटी के विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, प्राइमरी स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रोशन लाल, पूर्व प्रधान बीरेंद्र नेगी, गिरीश लाल, संतोष और सावित्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत वर्ष 2010 से सणगू-सारी मोटर मार्ग का निर्माण शुरू किया गया था। निर्माण के दौरान विद्यालय की 500 मीटर पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई। पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था लोनिवि सिंचाई खंड को कई बार बताया गया लेकिन योजना की मरम्मत नहीं हुई। लोनिवि ने सड़क निर्माण के बाद नीचे की ओर पुश्ता निर्माण नहीं किया, जिससे मलबा स्कूल के पीछे गिर रहा है।

Related posts