
श्रीनगर। छात्र नेताओं की ओर से शिकायत करने से गुस्साए एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर के कर्मचारियों ने सोमवार सुबह फीस काउंटर नहीं खोले। इससे दूरस्थ क्षेत्रों से आए छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी। यह देख छात्र नेता कर्मचारियों पर गुस्सा गए। इसके बाद छात्र नेताओं ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर हंगामा काटा। उन्होंने कर्मचारियों की तबादले की मांग की। कुलपति ने मांग पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार को छात्र नेताओं ने बीएससी काउंटर के कर्मचारियों की शिकायत प्रभारी कुलपति प्रो. एमएसएम रावत से की थी। उनका आरोप था कि कर्मचारी शराब के नशे में धुत रहते हैं और छात्रों से बदसलूकी करते हैं। इससे नाराज कर्मचारियों ने सोमवार सुबह फीस काउंटर नहीं खोले। ऐसे में छात्र आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करने लगे। कुलपति प्रो. एसके सिंह और कुलसचिव प्रो. पीएस राणा से मुलाकात करने पहुंचे छात्र नेताओं ने एकबार फिर कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। भारी संख्या में कुलपति कार्यालय पहुंचे छात्रों ने बीएससी काउंटर के कर्मचारियों की तबादले की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद कुलपति ने छात्रों को मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस हंगामे के चलते फीस काउंटर करीब एक घंटे तक बंद रहे जिस कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
