सड़क क्षतिग्रस्त, जरूरी वस्तुओं की किल्लत

गोपेश्वर। घाट क्षेत्र के 50 ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाली घाट-नंदप्रयाग सड़क पिछले एक माह से थिरपाक गांव के समीप क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे क्षेत्र में रसद, रसोई गैस, मिट्टी तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या के निराकरण की मांग की।
घाट क्षेत्र के बाबा उदय सिंह रावत, सुरेंद्र भंडारी, लक्ष्मण सिंह राणा, विजय प्रसाद, पंकज मैंदुली आदि ने बताया कि थिरपाक में जिस स्थान पर मोटर पुल निर्माण हो रहा है, वहां पर रास्ता काफी खतरनाक हो गया है। ऐसे में लोग जान हथेली में रखकर आवाजाही कर रहे हैं। घाट ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित एसबीआई शाखा के मलबे में दब जाने से क्षेत्र के पेंशनर, कर्मचारी और मनरेगा मजदूरों को लेन-देन के लिए 20 किमी पैदल चलकर नंदप्रयाग आना पड़ रहा है।

Related posts