
लोहाघाट। पाटी या देवीधुरा किसी एक स्थान पर डिग्री कालेज खोलने की मांग उलझती जा रही है। पाटी के लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के सामने पूरे तथ्यों के साथ तथा जमीन की उपलब्धता वाले दस्तावेज रखकर यह मांग पूरी कराने का आग्रह किया। दूसरी ओर देवीधुरा में डिग्री कालेज खोलने की मांग को लेकर स्वाधीनता सेनानी घनश्याम शास्त्री पिछले 55 वर्षों से नंगे पांव चल रहे हैं। श्री कुंजवाल ने स्वाधीनता सेनानी को दो दिन पूर्व आश्वासन दिया था कि वह उनकी मांग पूरी करेंगे। पाटी के लोगों ने श्री कुंजवाल को अपने उन दस्तावेजों को दिखाया जिसमें कॉलेज की स्थापना के लिए जौलाड़ी गांव में 192 नाली भूमि दी गई है। साथ ही उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से पूर्व में पाटी में महाविद्यालय की स्थापना के लिए स्थल का चयन करने के आदेश दिखाए तो श्री कुंजवाल ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि पाटी के लोग इस मामले में आगे बढ़ गए हैं। वे इस संबंध में संबंधित विभागीय मंत्री से वार्ता करेंगे।
पाटी क्षेत्र के प्रमुख नागरिक राम सिंह मेहता, आनंद मेहता, तेज सिंह बिष्ट, नवीन जोशी, दीपक जोशी, डा.भुवन गहतोड़ी, प्रह्लाद सिंह मौनी, जिला पंचायत सदस्य निर्मला गहतोड़ी, सुरेंद्र लडवाल आदि ने श्री कुंजवाल को राजकीय महाविद्यालय खोलने के संबंध में ज्ञापन दिया तथा अब तक इस संबंध में हुई कार्यवाही को लेकर दस्तावेज प्रस्तुत किए। उधर, श्री कुंजवाल ने खेतीखान के ऐतिहासिक जागोली मंदिर तथा धर्मशाला के विकास के लिए मुख्यमंत्री की ओर से दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
