लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

रुद्रपुर। भगवानपुर निवासी युवक से 25 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर एक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने लाखों की धोखाधड़ी कर दी। मामले की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम भगवानपुर निवासी आशुतोष नेगी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसकी फुलसुंगी में साढ़े तीन एकड़ भूमि है। फरवरी 2012 में उसकी मुलाकात मैनेजिंग डायरेक्टर ग्रुप ऑफ डारविन प्लेटफार्म इंस्ट्रक्शन मुंबई के अजय सिंह से हुई। इस दौरान उसने एक अन्य युवक गगनदीप सिंह को अपना प्रबंधक बताते हुए उससे मिलवाया। बताया कि उनका कार्यालय लुधियाना और पंजाब में भी है। वे लोग रियल स्टेट और डेवलेपर का कारोबार करते हैं। उन्हें रुद्रपुर में भी भवन बनाने के लिए जमीन की तलाश है। उसके यह कहने पर भी उसका फुलसुंगी में जमीन है, तो उन्होंने कहा कि वे लोग उसमें भवन बनाकर उसे 25 करोड़ रुपये का लोन उपलब्ध करवा सकते हैं। इसके लिए कई जगह उनकी मीटिंग भी हुई।
बताया कि इस दौरान अजय ने उसे बताया कि बैंक से ऋण की बात हो चुकी है, और उसे प्रोसेसिंग फीस के लिए 37.50 लाख रुपये पहले जमा करने होंगे। इस पर विश्वास करते हुए उसने 2 मई को चार लाख रुपये, 12 मई को एक लाख रुपये, 11 जून को एक लाख, 29 जून को 50 हजार रुपये, एक और नौ जुलाई को एक-एक लाख रुपये समेत कई बार उसे रुपये उपलब्ध कराए। बाद में जब उसने संपर्क किया तो वे लोग टालमटोल करने लगे। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 व 408 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Related posts