
चिन्यालीसौड़। हडियाड़ी गांव के पास जोगथ मोटर मार्ग का करीब पचास मीटर हिस्सा ढहकर टिहरी बांध झील में समा गया। इससे पहले झील से अलग-थलग पड़े दिचली गमरी क्षेत्र के 43 गांवों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।
टिहरी बांध झील से हडियाड़ी गांव के आसपास भू धंसाव बढ़ता जा रहा है। रविवार रात यहां जोगथ मोटर मार्ग का करीब 50 मीटर हिस्सा धंसकर झील में समा गया। ऐसे में ग्रामीणों को मोटर बोट से चिन्यालीसौड़ तक आने-जाने में चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सोमवार को बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाए। नायब तहसीलदार सुरेंद्र राणा, लोनिवि के ईई जेपी गुप्त ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। लोनिवि ने यहां जेसीबी लगाकर यातायात बहाली के प्रयास शुरू कर दिए हैं लेकिन कटाव बढ़ने से प्रयास सफल होते नहीं दिख रहे हैं। भू धंसाव में तेजी आने से तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल है।
क्षेत्र के रणवीर रमोला, सुभाष नौटियाल, राजबहादुर बौद्ध, पूरण सिंह ने प्रशासन से खतरे की जद में आई सड़क को कोटीगाड से भड़कोट-अनोल वाली सड़क से जोड़ने, नेरी गांव के पास क्षतिग्रस्त सड़क को सर्जशाफ्ट से बादसी मोटर मार्ग पर जोड़ने का सुझाव देते हुए इस पर कार्रवाई की मांग की है।
