फसलों के नुकसान की रिपोर्ट बीमा कंपनी को भेजो

नौगांव (उत्तरकाशी)। किसान क्रेडिट कार्ड पर खरीफ एवं रबी का फसली बीमा करवा चुके रवांई घाटी के काश्तकाराें के प्रतिनिधिमंडल ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक से वार्ता कर अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट बीमा कंपनी को भेजने का आग्रह किया है।
काश्तकारों का कहना था कि इस वर्ष हुई अतिवृष्टि से उनकी नकदी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। फसलों की सुरक्षा के लिए एसडीएफ.सी इरगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को किसान क्रेडिट कार्ड के मूलधन पर छह प्रतिशत का बीमा करवा रखा है जो वर्ष में दो बार खरीफ , रबी की फसल पर उनके मूलधन से काटा जा रहा है। आपदाग्रस्त काश्तकारों ने बैंक के माध्यम से बीमा कंपनी से मुआवजे की माग की है। फसलों का क्लेम न देने पर एसबीआई में खोले खातों को बंद करने की चेतावनी दी है।
एसबीआई नौगांव से जुड़े करीब सौ काश्तकारों ने किसान क्रेडिट कार्ड पर उठाए खरीफ , रबी के फसली ऋण पर इस वर्ष इंश्योरेंस कंपनी को 2, 67, 222 रुपये का बीमा दिया है क्योंकि बैंक ने मार्च से सरकार के आदेश का हवाला देते हुए अनिवार्य रूप से बीमा काटना शुरू किया था। काश्तकारों का कहना है कि फसलों को पहुंचे नुकसान की एक रिपोर्ट बैंक के माध्यम से भी बीमा कंपनी को जानी चाहिए जिससे काश्तकारों को फसलों का क्लेम मिल सके। एसबीआई के शाखा प्रबंधक धीरज कुमार ने काश्तकारों को मदद का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल में रवांई घाटी फल एवं सब्जी उत्पादक एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह, सहकारी समिति के अध्यक्ष राजेश रावत, दीवान सिंह असवाल, बलदेब रावत आदि काश्तकार थे।

Related posts