पंपिंग योजना ठप्प, पानी को तरसे लोग

द्वाराहाट। बिजली की लाइन में खराबी के चलते रामगंगा पंपिंग योजना में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे नगर पंचायत क्षेत्र और उससे लगे गांवों में लोगों को पेयजल की किल्लत झेलनी पड़ रही है। लोग काफी दूर स्थित प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं। जल संस्थान नगर क्षेत्र में सड़क से लगे गांवों में टैंकरों से पानी उपलब्ध करा रहा है।
द्वाराहाट नगर पंचायत क्षेत्र समेत इससे लगे गवाड़, भ्याड़ी, कोटिला, सलालखोला, भुमकिया, कौला आदि गांवों में रामगंगा पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति होती है। योजना के पान और महतगांव स्थित पंपिंग स्टेशनों की बिजली लाइन और मोटरों में 16 अगस्त की रात से अचानक खराबी आ जाने के कारण विद्युत सप्लाई ठप हो गई। इससे पंप नहीं चल पा रहे हैं। इससे क्षेत्र में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है।
जल संस्थान के अवर अभियंता पीके जोशी ने बताया कि जल संस्थान और विद्युत विभाग के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी खराबी दूर करने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के सड़क से लगे हिस्सों में टैंकर से और कुछ क्षेत्रों में एक अन्य नगरीय पेयजल योजना से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

Related posts