टीना अंबानी ने मांगी व्यक्तिगत पेशी से छूट

नई दिल्ली। 2जी घोटाला मामले में अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी ने व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन दायर किया है। टीना अंबानी को 23 अगस्त को दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में गवाही के लिए पेश होना है। मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई अदालत ने अंबानी दंपति को अभियोजन के गवाह के तौर पर 22 व 23 को पेश होने के लिए समन जारी कर रखा है।
स्पेशल सीबीआई जज ओपी सैनी के समक्ष टीना अंबानी की ओर से आवेदन दायर कर व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी गई है। आवेदन में कहा गया है कि पहले से तय कार्यक्रमों के कारण उनके लिए 23 अगस्त को दिल्ली आना संभव नहीं होगा। आवेदन में पेशी के लिए सितंबर या अक्तूबर की तारीख तय करने के लिए आग्रह किया गया है।
सीबीआई ने आवदेन का विरोध करते हुए कहा कि, इससे मुकदमे की सुनवाई में देरी होगी। अधिवक्ता केके गोयल ने कहा कि, इससे पहले अनिल अंबानी ने भी ऐसा ही आवेदन दायर किया था और कारोबारी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए उन्होंने व्यक्तिगत पेशी से छूट ले ली थी।

Related posts