माइक्रोमैक्स मामले में छह आरोपियों को भेजा जेल

नई दिल्ली। पटियाला हाउस स्थित स्पेशल सीबीआई जज पूनम बांबा ने माइक्रोमैक्स कंपनी के मालिक राजेश अग्रवाल समेत छह आरोपियों को दो सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दूसरी ओर, आरोपी एमके गुप्ता की सीबीआई हिरासत 23 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। सीबीआई ने एमसीडी के इंजीनियर गुप्ता की कस्टडी मांगते हुए कहा कि, मामले में दो आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए गुप्ता से पूछताछ करना जरूरी है। अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार एमसीडी इंजीनियर संजय कुमार व अशोक लांबा को 27 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सीबीआई ने एमके गुप्ता व वाधवा को जयपुर के एक होटल से 13 अगस्त को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने राजेश अग्रवाल उसके सहयोगी मनीष तुली व अन्य एमसीडी अधिकारियों को 30 लाख रुपये की घूस देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। ये लोग एक अनधिकृत संपत्ति को वैध कराने के लिए अधिकारियों को घूस दे रहे थे

Related posts