तिहाड़ जेल में बंद भाइयों को राखी नहीं बांध सकेंगी बहना

नई दिल्ली। इस बार बहना तिहाड़ जेल में बंद अपने भाई की कलाई पर राखी नहीं बांध सकेंगी। तिहाड़ को उड़ाने की मिली आतंकी धमकी और सुरक्षा कारणों से जेल प्रशासन ने रक्षा बंधन के दिन होने वाली बहनों की मुलाकात पर रोक लगा दी है साथ ही मंगलवार को की गई सभी बुकिंग को रद्द कर दिया है।
तिहाड़ जेल के इतिहास मेें ऐसा पहली बार हुआ है कि बहनों को जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने पर पाबंदी लगाई गई है। जबकि हर वर्ष हजारों की तादाद में बहनें तिहाड़ जेल पहुंचकर भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सलामती की कामना करती थीं।
एक अधिकारी ने बताया कि, आतंकी हमले की धमकी के बाद सुरक्षा में चूक होने के अंदेशे को देखते हुए इस बार राखी कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। तिहाड़ जेल की महानिदेशक विमला मेहरा ने बताया कि, सुरक्षा कारणों से जेल की चहारदीवारी में रक्षा बंधन के दिन बहनों की मुलाकात नहीं कराई जाएगी।

Related posts