घर से कूड़ा उठाने पर पासबुक में होगी एंट्री

शिमला। राजधानी में घर से कूड़ा एकत्रीकरण योजना को सशक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। योजना के तहत सफाई कर्मी को कूड़ा लेकर पासबुक में एंट्री करनी होगी। इस एंट्री से मालूम चलेगा कि सफाई कर्मी कितने दिन कूड़ा उठाने नहीं आया। सैहब सोसायटी का सुपरवाइजर पासबुक में एंट्री को जांचेगा। नगर निगम के टुटू वार्ड को योजना के तहत पायलट वार्ड चुना गया है। टुटू में इस योजना को चलाया जाएगा। मुहिम रंग लाई तो सभी वार्डों में पासबुक एंट्री शुरू की जाएगी।
सैहब सोसायटी शहर में घरों से कूड़ा उठाने का काम करती है। शहरवासियों की अकसर शिकायत रहती है कि उनके क्षेत्र में कूड़ा उठाने वाला कर्मी नियमित तौर पर नहीं आता। इस समस्या को हल करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पासबुक एंट्री करने का फैसला लिया है। टुटू में एक निजी संस्था सैहब सोसायटी को पासबुक देने को राजी हुई है। निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. उमेश कुमार भारती ने कहा कि टुटू वार्ड में यह प्रयास सफल रहा तो अन्य वार्डों में भी इसे चलाएंगे। उप महापौर टिकेंद्र पंवर का कहना है कि लोगों की शिकायतों को दूर करने के लिए पासबुक एंट्री का तरीका सबसे बेहतर है।

Related posts