टैक्स चोरी रोकने को लगेंगे बैरियर : सेन

सुंदरनगर (मंडी)। मार्केट कमेटी मंडी के अध्यक्ष हरेंद्र सेन का कहना है कि मंडी जिले में स्थित सब्जी मंडियों में किसानों को उनके उत्पाद के सही दाम मिलें, इसके लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। वहीं, मंडियों में टैक्स चोरी को रोकने के लिए शीघ्र ही बैरियरों की स्थापना की जाएगी। जहां पर एंट्री के बाद ही उत्पाद विक्रय के लिए जा सकेंगे।
सुंदरनगर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सेन ने कहा कि सुंदरनगर में विनियमित उप मंडी में जिले की सबसे बड़ी अनाज मंडी खोलने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। बल्ह के डडौर में सब्जी मंडी के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के लिए विधायक और प्रदेश के आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के समक्ष मामला उठाया गया है। जिन्होंने भूमि चयन के लिए शीघ्र कार्रवाई अमल में लाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सब्जी मंडियों में काम करने वाले सभी आढ़तियों को डिजिटल तराजू लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। सुंदरनगर में बीएसएल नहर के किनारे स्थित मंडी को जाने वाली सड़क की दशा को सुधारने के लिए दस लाख के बजट का प्रावधान कर दिया गया है। जिले में जहां पर सब्जी मंडी की जरूरत होगी, वहां किसानों के हित के लिए निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर मार्केट कमेटी मंडी के सचिव नेत्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Related posts