
गोहर (मंडी)। सराजघाटी के भाटकीधार पंचायत के अंतर्गत खली गांव में ल्हासा गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार खली गांव में सोमवार को बालमा देवी (37) पत्नी गुरदयाल सिंह घर के पास ही काम कर रही थी। इस दौरान ल्हासा गिर गया। ल्हासे की चपेट में आने से बालमा देवी की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान शिव चंद मौके पर पहुंचे। पंचायत प्रधान ने इस हादसे की सूचना जंजैहली पुलिस व प्रशासन को दी।
पुलिस व प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। गोहर थाना प्रभारी नवीन झाल्टा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के चलते सोमवार दोपहर को बालमा देवी घर के पास ही काम कर रही है। इसी दौरान ल्हासा गिरने से वह इसकी चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
