
पधर (मंडी)। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा है कि भारी बारिश से प्रदेश भर में लगभग 2900 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के माध्यम से तैयार की गई रिपोर्ट में अन्य विभागों के हुए नुकसान को भी शामिल किया गया है। प्रदेश सरकार बरसात में हुए नुकसान की सीमित साधनों से भरपाई करेगी। प्रदेश का कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं जो बाढ़ से ग्रसित नहीं हुआ हो।
मंडी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बरसात के कारण लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, विद्युत, वन, राजस्व विभाग को भारी नुकसान हुआ है। सरकार ने नुकसान की भरपाई को कदम उठा दिए हैं। जिलाधीश को 123 करोड़ की राशि सरकार की ओर से जारी कर दी गई है। सभी विभागों के माध्यम से इस राशि को विकास कार्यों पर खर्च कर नुकसान की भरपाई की जा रही है। द्रंग के बागी में भारी बारिश से वन संपदा सहित सड़कों और स्थानीय लोगों का भारी नुकसान हुआ है। द्रंग के इलाका दूंधा, चौहारघाटी, चुक्कू पंचायतों में भी वर्षा के पानी ने भारी तबाही की है। राजस्व विभाग के माध्यम से नुकसान का जायजा करवाया गया है, ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके।
