
चैलचौक (मंडी)। रविवार रात को हुई भारी बारिश से चैलचौक क्षेत्र में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। गदयाहड़ा-चैलचौक नाले का जलस्तर बढ़ जाने से स्थानीय निवासी नरपत राम की नकदी फसल तबाह हो गई। वहीं, नाले के साथ लगती किसानों की उपजाऊ भूमि भी पानी के तेज बहाव में बह गई। चैलचौक पंचायत के प्रधान कन्हैया लाल, वार्ड पंच ढमेश्वर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने घटना स्थल का दौरा किया तथा प्रशासन से प्रभावित लोगों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। इधर, नौण पंचायत के कोट गांव में भारी बारिश से दौलत राम का चार कमरों का स्लेटपोश मकान ढह गया। परिवार के सदस्यों ने घटना का आभास होने पर एक दम से बाहर निकल कर जान बचाई। ग्रामीणों की मदद से घर के थोड़े बहुत सामान को बाहर निकाला। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने घटना स्थल का दौरा कर प्रभावित परिवार को प्रशासनिक मदद देने की गुहार लगाई है। वहीं, शाला वृत्त के पटवारी रोशन लाल ने घटना स्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया है तथा रिपोर्ट प्रशासन को प्रेषित कर दी है। पटवारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित दौलत राम को तहसील कार्यालय से एक तिरपाल और दस हजार की फौरी राहत दी है।
