
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय उच्च पाठशाला बरोहा में आयोजित लड़कों की अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व विधायक डा. बीरूराम किशोर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्हाेंने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
अंडर-14 वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत वालीबाल स्पर्धा में बरठीं प्रथम, जबकि मेजबान बरोहा स्कूल द्वितीय रहा। कबड्डी में धनत्थर व जेजवीं, जबकि खोखो में नखलेहड़ा व डाहड पहले दो स्थानों पर रहे। बैडमिंटन स्पर्धा में मलराओं स्कूल ने पहला तथा बच्छरेटू ने दूसरा स्थान हासिल किया। मार्च पास्ट में जेजवीं तथा अनुशासन में जड्ड कुलज्यार स्कूल अव्वल रहे।
अपने संबोधन में डा. बीरूराम किशोर ने कहा कि पढ़ाई लिखाई के साथ खेलों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। इससे बच्चाें का शारीरिक व मानसिक विकास सही ढंग से होता है। उन्हाेंने स्कूल में चार नए कमरों का निर्माण कराने की घोषणा भी की। इस मौके पर झंडूता ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश चंदेल, ब्लाक महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु चंदेल, स्थानीय पंचायत प्रधान अनीता, झंडूता के प्रधान राकेश चंदेल, युकां प्रभारी सुखराज, एसएमसी अध्यक्ष राकेश चंदेल और मेजबान स्कूल के मुख्याध्यापक वीरेंद्र चंदेल आदि भी मौजूद थे।
