
बिलासपुर। केंद्रीय छात्र संघ चुनावों के बाद अब स्टूडेंट्स अपनी-अपनी पढ़ाई में जुट गए हैं। सभी विद्यार्थियों को अब अपने-अपने भविष्य की चिंता सताए जा रही है। इसे लेकर अब स्टूडेंट्स गंभीर हो चुके हैं।
सोमवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में माहौल पूरी तरह से शांत रहा। कालेज में किसी भी छात्र संगठन के कार्यकर्ता बैच में नहीं दिखे। अधिकतर विद्यार्थियों ने गले में पट्टका, या फिर बैच लगाने के बजाए गले में आई-कार्ड ही लगाया था। इसके अलावा ज्यादातर विद्यार्थी कक्षाओं में ही नजर आए। वहीं, अब न ही कालेजों में कक्षाओं का बहिष्कार होगा। न ही कोई धरना और प्रदर्शन। विद्यार्थी अब राजनीति को तवज्जो देने के बजाए पढ़ाई को ज्यादा तवज्जो प्रदान कर रहे हैं। उधर, कालेज में माहौल शांत होने के बावजूद भी पुलिस का पहरा दिखा। कालेज के पुराने भवन, नए भवन में पुलिस ने छात्र संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखी। अब कालेज में विद्यार्थियों की कक्षाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। कालेज प्रशासन भी विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर कड़े कदम उठा रहा है ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को कोई भी समस्या नहीं उठानी पड़े।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य आरपी चोपड़ा ने कहा कि कालेज में केंद्रीय छात्र संघ चुनावों का सफल आयोजन किया गया है। कालेज में विद्यार्थियों की कक्षाएं सुचारु रूप से चल रही हैं।
