
ऊना। जिले में अवैध खनन के धंधे पर रोजमर्रा कसी जा रही नकेल का अभी कोई असर नहीं दिख रहा है। हालत यह है कि यदि एक दिन पुलिस अवैध खनन के तीन मामले पकड़ती है तो दूसरे दिन छह सामने आते हैं। पुलिस और खनन विभाग की ओर से बड़े स्तर पर कार्रवाई करने के बावजूद अवैध खनन जारी है। पंजाब में खनन पर रोक के बाद खनन माफिया की नजर हिमाचल के पंजाब से सटे क्षेत्रों पर है, जहां वह रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए अवैध खनन कर रहा है। जिले के पंजाब से सटे होने के कारण बड़ी मात्रा में रेत, बजरी और पत्थरों का खनन किया जा रहा है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन लगातार जारी है। रविवार रात पुलिस टीम की ओर से जिले में कई स्थानों पर छापामारी की गई एवं अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 14 गाड़ियों को पकड़ा गया है। जिला पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि इनके विरुद्ध माइनिंग अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए एवं उनसे 63 हजार 980 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रमेश ठाकुर ने ओवरलोडिंग कर प्रदेश से बाहर ले जाए जा रहे रेत बजरी पर कार्रवाई करते हुए नौ गाड़ियों को जब्त किया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रमेश ठाकुर ने बताया कि विभाग की ओर से ओवरलोडिड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उधर, खनन विभाग ने पंजोओ खड्ड में छापेमारी कर कुछ लोगों को तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों में अवैध खनन कर लोड करते हुए दबोचा है। सभी के चालान काट मौके पर ही 13 हजार 980 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
