
बागेश्वर। भैरू चौबट्टा ग्राम सभा के तिलाड़ी तोक में शनिवार रात्रि डेढ़ बजे दोे तेंदुओं ने गोठ में सात बकरियों को निवाला बना लिया। क्षेत्र में पहले भी तेंदुए पशुओं को मार चुके हैं।
भैरू चौबट्टा निवासी मोहन लाल यहां बाजार में रहते हैं। घर पर उनके वृद्ध पिता दीवान राम और मां रहती हैं। मोहन लाल के अनुसार शनिवार को रात लगभग डेढ़ बजे दो तेंदुए गोठ में घुस गए। उन्होंने सात बकरियों को मार डाला और खून पीकर चले गए। सुबह जागने पर दीवान राम को हादसे का पता चला। गांव और इसके आसपास पहले भी तेंदुआें को देखा गया। इससे पहले भी तेंदुए कई पालतू पशुओं को मार चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में दिनदहाड़े दो तेंदुए घूमते रहते हैं। जिससे लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।
