
डीडीहाट। शिक्षा मित्र संगठन ने नियमित नियुक्ति की मांग की है। ब्लाक अध्यक्ष ललित प्रसाद जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अविलंब स्थाई नियुक्ति नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा मित्र 12 साल से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही कई शिक्षा मित्रों ने दो साल का बीटीसी का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है, लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें स्थाई नियुक्ति नहीं दी जा रही है। कहा कि कम मानदेय में दुर्गम और अति दुर्गम स्कूलों में शिक्षण कार्य कर व्यवस्था को बेहतर करने में शिक्षा मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार के ढुलमुल रवैये से नाराज संगठन ने आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की।
25 अगस्त को दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारी पर भी चर्चा की गई। इसके बाद देहरादून में उग्र प्रदर्शन शुरू कर देंगे। मांगों को दरकिनार करने पर शिक्षा मित्र स्कूलों में तालाबंदी करेंगे। बैठक में शत्रुघ्न बोहरा, बीणा ठकुराठी, मनोहर राम, नीना लोहिया, भूपेंद्र भंडारी, रमेश उप्रेती, पुष्पा देवी, खष्टी देवी सहित दर्जनों शिक्षा मित्र मौजूद थे।
