पिकअप दुर्घटना में दो लोग घायल

लोहाघाट। टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग पर भारतोली के पास एक पिकअप दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धारचूला से राहत सामग्री पहुंचाकर देहरादून को वापस लौट रही पिकअप नंबर यूके07-सीए3977 भारतोली के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में ग्राम टिकौची, जिला उत्तरकाशी निवासी चालक सुरेंद्र सिंह राणा पुत्र लाल बहादुर (23) और इसी गांव का मुकेश गुरुंग पुत्र हरि गुरुंग (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। संतोला निवासी गोपाल दत्त तिवारी पास के जंगल में अपने जानवरों को चरा रहे थे तो उन्होंने घटना को देखा। श्री तिवारी ने 108 सेवा, पुलिस और एसडीएम को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही एसओ अशोक कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। नायब तहसीलदार हरसिंह रजवार के अनुसार श्री तिवारी द्वारा उक्त वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी नहीं दी जाती तो किसी को भी घटना का पता नहीं चलता। तहसीलदार के अनुसार घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें पिथौरागढ़ के राजकीय चिकित्सालय भेज दिया गया है।

Related posts