
अल्मोड़ा। सरकार की मेहरबानी रही तो नगर की सड़कों, दर्जनों नालों का जल्द सुधारीकरण होगा। पालिका परिषद और लोक निर्माण विभाग ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीनीकरण मिशन (जेएलएनयूएनएम) के तहत 32 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे हैं। शहरी विकास विभाग मंजूरी के बाद प्रस्तावों को केंद्र सरकार को भेजेगा।
राज्य में आई आपदा के बाद प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में गठित मंत्रियों के समूह ने विकास योजनाओं को लेकर राज्य के शहरी विकास मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने को कहा है। शहरी विकास विभाग ने अल्मोड़ा पालिका परिषद को क्षेत्र की आवश्यक विकास योजनाएं तैयार कर शासन में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। पालिका परिषद ने अलग-अलग कामों के लिए 13.73 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए हैं।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने बताया कि पालिका ने क्षेत्र के 56 नालों, 40 रास्तों और नालियों के सुधारीकरण के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिए हैं। बजट मंजूर होने के बाद निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा नगर की सड़कों के सुधार और सौंदर्यीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने भी 18.60 करोड़ के प्रस्ताव बनाए हैं। साथ ही पटाल बाजार के जीर्णोद्धार कार्य को भी योजना में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार से नगर के वंचित क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने और सरयू-सेराघाट-अल्मोड़ा पंपिंग योजना को भी मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। बजट की स्वीकृति को राज्य और केंद्र सरकार में प्रभावी पहल की जाएगी। इस संबंध में शीघ्र ही देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से भी वार्ता की जाएगी।
