
अल्मोड़ा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा में 23 अगस्त को प्रात: 11 बजे से रोजगार उन्मुख तकनीकी प्रशिक्षण चयन मेला लगेगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी एलएस बिष्ट ने बताया कि वोकेशनल स्टडीज, उत्तराखंड मुक्त विवि तीनपानी हल्द्वानी की कंपनी ट्रेनिंग स्कीम के तहत विभिन्न कंपनियों में बेरोजगार नवयुवकों के लिए रोजगार उन्मुख तकनीकी प्रशिक्षण चयन मेला आयोजित किया जा रहा है। जिसमें उत्तराखंड मुक्त विवि से संबद्ध सेंटर आफ टेक्निकल एक्सिलेंस के प्लेसमेंट अधिकारी अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। मेले में जिले के बेरोजगार 18 से 25 आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता कला, विज्ञान, वाणिज्य विषय के साथ हाईस्कूल अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण निर्धारित है। अभ्यर्थी को राज्य का स्थायी निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेखों की मूल अंकतालिका, प्रमाण पत्र और छाया प्रति लाना आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को विवि में सात हजार रुपये प्रवेश शुल्क जमा करने पर दो माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अशोक लीलैंड, टीवीएस, राने मद्रास, टाटा आटोकोम, कार्बोरंडम, इंडोरेश आदि कंपनियों में प्रशिक्षुओं के रूप में ऑन जॉब ट्रेनिंग कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को पांच हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, ट्रांसपोर्ट, कैंटीन, यूनिफार्म आदि सुविधाएं कंपनी द्वारा दी जाएगी। प्रशिक्षण का तकनीकी प्रमाण पत्र विवि देगा। इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।
