
सोलन। सांसद वीरेंद्र कश्यप ने आरोप लगाया कि छात्र संगठन एनएसयूआई पुलिस प्रोटेक्शन में गुंडागर्दी का माहौल फैला रही है। सोलन कालेज में हुई लड़ाई इसका उदाहरण है। वह सोलन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब से कालेज में चुनाव की तिथि घोषित हुई है तभी से कालेजों में भय का माहौल था। एनएसयूआई बाहरी तत्वों के साथ मिलकर कालेज में पढ़ाई का माहौल खराब कर रही है जिसे रोकने में पुलिस और कालेज प्रशासन पूरी तरह से विफल रहा है। जिस समय एबीवीपी के छात्र जीत का जश्न मना रहे थे एनएसयूआई के छात्रों ने उन पर बोतलों, पत्थरों और रॉड़ से हमला कर दिया। वहीं जब एबीवीपी के छात्र अपने आप को बचाने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस उन्हें गाड़ियों में डालकर थाने ले जा रही थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा इसका जवाब देना जानती है मगर वह शांति चाहती है। उन्होंने लड़ाई करने वाले छात्रों पर कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी के संगठन मंत्री अनुपम लखनपाल ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई और पुलिस कांग्रेस की प्रोटेक्शन में कार्य कर रही है। सोलन में एबीवीपी की जीत से कांग्रेस सरकार हिली है। वहीं सोलन के एसपी कांग्रेसी कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं तथा यहां पर सब कुछ स्थानीय मंत्री के इशारों पर हो रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने कालेज में हुई लड़ाई के दौरान घायल छात्रों के चोटों के निशान भी बताए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश्वर शर्मा, कुमारी शीला, पवन गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, इंद्र सिंह मेहता, नरदेव बड़ोला, देवेंद्र सूद, एबीवीपी के जिला संयोजक एवं पूर्व एससीए अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर, एससीए अध्यक्ष राहुल शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, मुकेश कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
