
नाहन (सिरमौर)। स्थानीय विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव बिंदल ने बताया कि सोमवार को जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के कार्यकर्ता नाहन में प्रदेश एवं केंद्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
डा.राजीव बिंदल ने यहां जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के अभी तक के कार्यकाल में एक भी विकास के कार्य नहीं हुए। हजारों कर्मचारियों के तबादलों में जुटी कांग्रेस सरकार कर्मचारियों को निशाना बना रही है। जो किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं होगा। आरोप लगाया कि पंचायत प्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं पर झूठे केस बनाकर कांग्रेस जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। कांग्रेस शासनकाल में खानन माफियाओं का राज है। महंगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है।
प्रदेश कांग्रेस की इस जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 19 अगस्त को नाहन में विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित होगा जिसमें सरकार को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप, पार्टी के जिला अध्यक्ष सुखराम चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष दयाल प्यारी, भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष विक्रम वर्मा, महिला मोर्चे की अध्यक्ष रेखा तोमर, किसान मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी आदि शामिल होंगे।
