एसएमसी के जरिये रखे जाएंगे शिक्षक

पधर (मंडी)। प्रदेश सरकार स्कूलों में अध्यापकों के रिक्त पद एसएमसी के तहत भरेगी। सरकार पीटीए अध्यापकों की तर्ज पर इस प्रक्रिया को दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में लागू करने पर विचार कर रही है। जिससे प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
रविवार को राजकीय उच्चपाठशाला गवाली में द्रंग जोन अंडर-14 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ने कहा कि सरकार अध्यापकों के रिक्त पदों को एसएमसी के तहत भरने की नीति बना रही है। कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज बनाकर नीतिगत ढंग से कार्य करना शुरू किया है। जिसका आम वर्ग को फायदा पहुंच रहा है। पीटीए, पैरा टीचर अध्यापकों को सरकारी अनुबंध नीति बना कर नियमित करने का प्रावधान किया गया है, वहीं पैट अध्यापकों के वेतनमान में बढ़ोतरी की गई है। उन्हें नियमित करने के लिए भी नीति बनाई जा रही है। इस साल शिक्षा पर 3836 करोड़ रुपये का शिक्षा बजट रखा गया है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल स्टेडियमों सहित आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार ने राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में तीन प्रतिशत का आरक्षण देने का प्रावधान किया है।
उन्होंने स्कूल मैदान के लिए एक लाख, शौचालय के लिए 50 हजार, हाई स्कूल गवाली के दो कमरों के निर्माण के लिए चार लाख देने की घोषणा की। इस मौके पर एसडीएम पधर विनय मोदी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र्र गुलेरिया, मुख्य अध्यापिका प्रतीमा शर्मा, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, प्रवक्ता कामेश्वर चौहान, विरेंद्र चौहान, केहर सिंह ठाकुर, भादर सिंह मुगलाना, गवाली के प्रधान घनश्याम ठाकुर, कुन्नू के प्रधान दलीप ठाकुर, पूर्व बीडीसी चेयरमैन विप्त राम मुगलाना, भूप सिंह धरवाल, बीडीओ पधर सुभाष गौतम, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमारी, देशराज, कुलदीप कुमार, नूर अली, एसएमसी प्रधान केसब राम भी मौजूद रहे।

Related posts