पैट शिक्षकों का टीए-डीए बहाल हो : संघ

मंडी। प्राथमिक शिक्षक संघ साईगलू की बैठक प्रधान जोध सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें संघ ने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन में ड्यूटी देने वाले प्राथमिक सहायक अध्यापकों को यात्रा और दैनिक भत्ता शीघ्र बहाल करने की मांग की है। केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सलेतर में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि साईगलू खंड की खेलकूद प्रतियोगिता 11 से 13 सितंबर तक केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सलेतर में आयोजित होगी।
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा करेंगे। प्रतियोगिता में साईगलू खंड की 85 सरकारी पाठशालाओं के साथ करीब 20 प्राइवेट स्कूलों के प्रतिभागी खिलाड़ी भाग लेंगे। संघ के प्रधान जोध सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले साल से खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन में ड्यूटी देने वाले प्राथमिक सहायक अध्यापकों को टीए और डीए देना बंद कर दिया गया है। जिससे पैट शिक्षकों में रोष है। पैट शिक्षकों के बिना खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करना संभव नहीं है। साईगलू खंड में पैट शिक्षकों की संख्या 40 प्रतिशत से ज्यादा है। संघ ने सरकार से मांग की है कि खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पैट शिक्षकों का टीए और डीए शीघ्र बहाल किया जाए। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी बीरवल कटोच, सलेतर स्कूल के मुख्य शिक्षक खूब राम, कोटली की मुख्य शिक्षिका मीना शर्मा, संघ के सचिव नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, सदस्य मुरारी लाल, दुर्गेश, पवन, गोविंद राम आदि मौजूद रहे।

Related posts