मांगें पूरी न होने से सेवानिवृत्त कर्मी नाराज

मंडी। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कल्याण मंच की बैठक में विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। अध्यक्षता मंच के जिला अध्यक्ष बिहारी लाल ठाकुर ने की। जिला प्रभारी राजेंद्र पाल ने विशेष रूप से शिरकत की। सनातन धर्म सभा मंडी में आयोजित बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वित्तीय और अन्य मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। जिला अध्यक्ष बिहारी लाल ठाकुर ने कहा कि पिछले एक साल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कोई भी वित्तीय लाभ नहीं मिले हैं। अर्जित अवकाश की छुट्टियों की बकाया राशि, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी तथा पेंशन आदि का भुगतान नहीं हुआ है। साथ ही जिन सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन मिलती है, उन्हें भी पिछले ढाई साल से बढ़ी हुई पेंशन के डीए की किस्त का एरियर प्राप्त नहीं हुआ है। पेंशन भी छह माह से नियमित रूप से नहीं मिल रही है।
मंच के सचिव अशोक पराशर ने कहा कि मंच की ओर से कई बार प्रदर्शन कर सरकार को मांग पत्र सौंपा गया। जिस पर सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंच के पदाधिकारियों ने परिवहन निगम प्रबंधन और सरकार से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वित्तीय संबंधी सभी मांगों का हल बैठक बुलाकर किया जाए। निर्णय लिया कि पांच सितंबर को धर्मशाला में मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में अनूप कपूर, विजय कुमार, मोहन लाल, अमर चंद, ईश्वर दास शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related posts