बारिश के कहर ने छीना कई परिवारों का रोजगार

कटौला (मंडी)। उत्तरशाल क्षेत्र के सेगली पंचायत के बागी गांव में भारी बारिश के कहर से एक दर्जन से अधिक लोगों का रोजगार छिन गया है। बारिश से अभी गांव में खतरा बना हुआ है। उधर, धर्मपुर क्षेत्र के भरौरी पंचायत के जंगेल गांव में लगातार जमीन धंस रही है। तहसीलदार जोगिंद्र पटियाल ने गांव का दौरा कर करीब आधा दर्जन परिवारों को घर खाली करने को कहा है।
गत शनिवार को भारी बारिश के कारण बागी-सेगली खड्ड का रुख बदलने से बागी बाजार में तबाही मची। पानी और मलबे से करीब एक दर्जन से अधिक लोगों की दुकानें और मकान बह गए थे। साथ ही पराशर को जोड़ने वाला पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे दर्जनों वाहन पराशर मार्ग पर फंसे हैं। सड़क को बहाल करने में फिलहाल समय लगेगा। विभाग पुल के दूसरी ओर से वैकल्पिक मार्ग निकालने की प्रयास कर रहा है। बागी गांव में बारिश से लाखों का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने में जुट हैं।
बागी बाजार में रतन चंद, भयांदू राम, साजू, कलू राम, हरीश कुमार, राम सिंह, जवाहर, दौलत राम, गीतानंद, गोवर्धन, ओम प्रकाश, जय राम की दुकानें मलबे में दब गईं। किसी तरह दुकानदारी से उक्त लोग परिवार का पालन पोषण करते थे, लेकिन बारिश के कहर ने उनकी रोजी रोटी भी छीन ली है। बारिश होने से बागी गांव में अभी तक खतरा बना हुआ है। उधर, पराशर-बागी मार्ग बंद होने के कारण क्षेत्र के किसान नकदी फसलों को मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
धर्मपुर क्षेत्र के जंगेल गांव में बारिश से लगातार जमीन धंस रही है। रविवार को तहसीलदार जोगिंद्र पटियाल ने गांव का दौरा कर एक आधा दर्जन परिवार को मकान खाली करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उनके रहने का पूरा प्रबंध किया जाएगा।

Related posts