कोर्स शुरू, किताबें पहुंचीं नहीं

चंबा। सरकार की ओर से स्कूलों में वोकेशनल विषय को तो शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक स्कूलों में न तो सिलेबस पहुंचा है और न किताबें। ऐसे में वोकेशनल विषय में एडमिशन ले चुके छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। सरकार की ओर से प्रदेश के 100 स्कूलों में वोकेशनल कोर्स शुरू किया गया है। जिला चंबा की बात करें तो जिला के नौ स्कूलों में वोकेशनल कोर्स को शुरू किया गया है। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल विद्यालय व कन्या विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथरी, बनीखेत, तीसा, भरमौर, सलूणी, चुवाड़ी और सिहुंता शामिल हैं। इन नौ स्कूलों में अभी तक वोकेशनल कोर्स का सिलेबस व किताबें नहीं पहुंची हैं। स्कूलों में आधा सत्र लगभग समाप्त हो गया है, लेकिन वोकेशनल विषय का सिलेबस व कि ताबें उपलब्ध न होने से इस विषय में एडमिशनल ले चुके छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। यही नहीं, कुछ स्कूलों में अभी तक अध्यापक भी नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक बनीखेत स्कूल को छोड़कर अन्य सभी स्कूलों में वोकेशनल कोर्स के लिए निर्धारित की गई 25-25 सीटें भर गईं हैं, लेकिन अभी तक वोकेशनल विषय की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। उधर, वोकेशनल कोर्स के प्रोजेक्ट आफिसर विकास महाजन ने बताया कि भोपाल की पीएसएससीआईवीई एजेंसी की ओर से वोकेशनल विषय का सिलेबस तैयार किया गया है। उन्हाेंने कहा कि इस विषय की किताबें भी तैयार हो चुकी है। जल्द पीएसएससीआईवीई एजेंसी की ओर से तैयार सिलेबस और उससे संबंधित पुस्तकें स्कूलों में पहुंच जाएंगी और पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू की जाएगी।

Related posts