
तेलका (चंबा)। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला भजोतरा में अध्यापकों की कमी चल रही है। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 104 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस स्कू ल में जेबीटी के तीन पद खाली चल रहे हैं। इसमें दो पद पिछले लगभग तीन साल से खाली चल रहे है, जबकि एक अन्य अध्यापक का लगभग एक माह पहले तबादल हो चुका है। इस कारण स्कूल में तीन पद खाली हो गए हैं। मौजूदा समय में स्कूल में एक सीएचटी और एक जेबीटी तैनात है। स्थानीय पंचायत प्रधान गुड्डी देवी, उप प्रधान पृथी सिंह अभिभावक कर्म सिंह, उत्तमो, संत राम, दर्शन कुमार, सुनील कुमार, महिंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, सोनू, आशा देवी, नीचणू देवी, चमारू राम, बोध राज और हेम सिंह ने बताया कि स्कूल में अध्यापक न होने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल में रिक्त अध्यापकों के पदों को जल्द भरा जाए, ताकि उनके बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ न हो। उधर, एसएमसी अध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन समिति ने कई बार प्रस्ताव पारित कर शिक्षा विभाग को अध्यापकों के रिक्त पदों बारे अवगत करवाया, लेकिन इस बारे में कोई साकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
