जिला अध्यक्ष के सामने उठाईं पेंशनरों की मांगें

इंदौरा (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा पेंशनर संघ की इंदौरा ब्लॉक इकाई की बैठक रविवार को अध्यक्ष कृष्ण स्वरूप शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनर संघ के जिला अध्यक्ष पीसी राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, महासचिव राजेन्द्र कौशल ने विशेष रूप से शिरकत की। इससे पूर्व पेंशनरों ने जिलाध्यक्ष पीसी राणा का इंदौरा पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक में संघ के समस्त पदाधिकारियों ने पेंशनर्स की लंबित मांगों व समस्याओं के जल्द निपटारे के लिए संघ को मजबूत करने का आह्वान किया। इस मौके पर इंदौरा ब्लॉक इकाई के महामंत्री रमेश शर्मा ने खंड के तहत आने वाले पेंशनरों की समस्याओं को उठाया। पीसी राणा ने कहा कि संघ पेंशनर वर्ग की समस्याओं व मांगों को मनवाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा से ही कर्मचारी व मजदूर हितैषी रहे हैं। साथ ही उन्होंने पूर्व धूमल सरकार के पिट्ठू बने बैठे लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए काम करने का आह्वान किया। अन्यथा उनका कच्चा चिट्ठा पेंशनरों के सामने खोल दिया जाएगा। संघ ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर 8 प्रतिशत डीए की किस्त देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Related posts