
कुल्लू। अधिष्ठाता देवता खुडीजल का देव मेला 24 अगस्त से शुरू होगा। मेला भव्य व शानदार हो, इसके लिए मेला कमेटी व मंदिर कमेटी ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। देव विधि के तहत 20 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन देवता खुडीजल का उनके देवालय देहुरी में देवरथ का शृंगार किया जाएगा। सोने-चांदी के आभूषणाें से देवरथ को हरियानों व कारकूनों की ओर से सजाया जाएगा। इसकी तैयारियां कारकूनों से पूरी कर दी हैं। मेले में इस बार घाटी और बाहर से करीब आधा दर्जन देवी-देवता भाग ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि बंजार घाटी के देवता चलाहण जल भी मेले की शोभा बढ़ाएंगे। खास यह है कि देवता मेले का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ होगा। इस बार बालू गांव के ग्रामीण इस परंपरा का निर्वहन करेंगे। ग्रामीण देवता खुडीजल के आदेशानुसार जंगल से एक पेड़ ले आएंगे जिसे 24 अगस्त दोपहर बाद मेला परिसर में देव रीति के तहत खड़ा किया जाएगा।
देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह तथा पुजारी पूर्ण शर्मा ने बताया कि देवता खुडीजल का यह देवता मेला आनी क्षेत्र का सबसे बड़ा उत्सव है जो परंपरा के तहत 11 दिन तक चलता है। मेले के पहले दिन ध्वजारोहण मुख्य आकर्षक का केंद्र रहेगा। मेले के बाकी दिनों में देव नृत्य व नाटी की धूम रहेगी। महिला और पुरुष नाटी डालेंगे। मेले को लेकर इलाके की करशैईगाड़, फनौटी, लगौटी, टकरासी, विशलाधार, झरेढ तथा सीमांत लगते मंडी जिले की दो अन्य पंचायतों के लोगों में खासा उत्साह है।
