
रामपुर बुशहर। झाकड़ी थाना के बटाली में एक मकान के नजदीक मृत मिले युवक की मौत सिर पर चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि चोट हथियार से लगी है या फिर गिरने से। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गोपालपुर पंचायत के बटाली में कुछ दिन पहले नीटू नामक युवक की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव बटाली में ही एक घर के नजदीक मिला था। सिर पर चोट के निशान पाए जाने पर युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही थी। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आ गई है। इसमें मौत की वजह हेड इंजरी को बताया गया है, लेकिन यह पता नहीं चला है कि सिर पर चोट गिरने से लगी है या फिर किसी हथियार से। इस पर संशय बरकरार है।
एसडीपीओ सुनील नेगी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में हेड इंजरी से युवक की मौत होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि चोट गिरने से लगी या फिर किसी हथियार से, यह जानने के लिए पुलिस तफ्तीश कर रही है। जल्द से जल्द पुलिस वास्तविकता पता लगाने का प्रयास करेगी।
