
मनामा: अशांत खाड़ी देश बहरीन में हुए एक बम विस्फोट में कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। गृह मंत्रालय ने अधिकारिक तौर पर टवीट् कर बताया है कि राजधानी मनामा के उत्तर पूर्व मुहर्रक द्वीप के अल-डायर इलाके में कल शाम एक देसी बम विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने कहा कि यह बम हमला ‘एक आतंकी कृत्य’ था।
उन्होंने बताया कि घायलों में से दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर है लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। बहरीन में हाल के दिनों में सुरक्षाकर्मियों और सरकारी संस्थानों को निशाना बना कर हमला किए जाने की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन बमों में प्राकृतिक गैस कनस्तरों के उपयोग से बनाए गए कुछ बम भी शामिल है। देश में शिया विद्रोह के शुरू होने के बाद फरवरी 2011 से द्वीपीय देश में अशांति है।
