
काहिरा: अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अल कायदा के प्रमुख सरगना अयमान अल जवाहिरी के भाई मोहम्मद अल जवाहिरी को पुलिस ने कल मिस्र की राजधानी काहिरा के उपनगर गीजा में गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक मिस्र के अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के कट्टर समर्थक माना जाने वाला जवाहिरी मुस्लिम ब्रदरहुड और दूसरे अतिवादी समूहों के साथ जुड़ा था। सेना द्वारा मुर्सी के तख्तापलट के खिलाफ गत शुक्रवार को ब्रदरहुड के समर्थकों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया जिसकी परिणिती हिंसात्मक संघर्ष के रूप में हुई।
हिंसा के इस मामले में जवाहिरी सहित एक हजार से अधिक ब्रदरहुड समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में पुलिस थानों पर हुए हमलों को ध्यान में रखते हुए जवाहिरी को थाने से सीधे जेल ले जाया गया है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार की घटना में 173 लोग मारे गए तथा एक हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं।
