
हरिद्वार। सिल्ट उठाने की अनुमति मिलने की बात कहकर कुछ लोगों ने बिशनपुर कुंडी में अवैध खनन का प्रयास किया। गांववालों की सूचना पर पहुंची तहसील प्रशासन की टीम ने मौके से चार ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया। जबकि आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे।
बिशनपुर कुंडी-कटारपुर क्षेत्र में कुछ लोग एक स्टोन क्रशर के पास खनन कर रहे थे। आसपास के लोगों ने उन्हें ऐसा करने से रोकना चाहा, तो उन्होंने अपने पास सिल्ट हटाने की अनुमति होने की बात कही। खनन कर रहे लोगों ने ग्रामीणों को बताया कि जिलाधिकारी की ओर से बाढ़ में खेतों में आई सिल्ट को हटाने के लिए अनुमति दी गई है। ग्रामीणों ने उनसे अनुमति दिखाने की बात कही तो वह नहीं दिखा सके। इस पर ग्रामीणों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
एसडीएम सदर डीपी सिंह ने मातहत अधिकारियों को तत्काल मौके पर छापा मारने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की टीम को देखकर माफिया भाग निकले। मौके पर उनकी चार ट्रालियां मिली हैं, जिन्हें सीज कर दिया गया है। एसडीएम का कहना है कि अवैध खनन किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
