
दुगड्डा। एटीएम में अगर आप कैश निकालने जा रहे हैं तो जरा संभल कर जाएं। एटीएम के बाहर से किसी और की खुफिया नजरें आपकी अंगुलियों की हरकतों पर नजर रखे हैं। वह आपका पासवर्ड याद कर आपके खाते से पैसा भी निकाल सकता है। ऐसी ही एक घटना 25 जुलाई को कोटद्वार में महिला का एटीएम कार्ड बदल कर पैसे निकालने की हुई है। जिसकी रिपोर्ट कोटद्वार बाजार चौकी में की गई है।
थाना कोटद्वार से लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक बैंक के एटीएम में कुसुम जदली पत्नी गणेश जदली निवासी सिलबाड़ जयहरीखाल एटीएम से पैसा निकालने गई थी। पांच हजार रुपये निकालने के बाद वह स्टेटमेंट स्लिप लेने का इतंजार करती रही, लेकिन स्लिप नहीं आई। उस दौरान दो युवक एटीएम के बाहर से अंदर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। एक युवक एटीएम कक्ष में गया और कहा कि आप देर कर रही हैं। उसने कहा कि मैं देखता हूं। इतने में उसने कार्ड बदल दिया। अपना कार्ड छोड़ कर महिला का कार्ड ले लिया। जिसका उसे पता नहीं चल पाया।
कुछ समय बाद दोनों युवक कार्ड ले कर नजीबाबाद रोड स्थित दूसरे बैंक के एटीएम में गए और वहां से 35 हजार रुपये निकाल कर गायब हो गए। घटना का पता तब चला जब महिला ने बैंक जाकर कर पास बुक में इंट्री करने को कहा। पता चला कि उसके खाते से 35 हजार रुपये और निकाले गए हैं।
महिला के पिता रामदयाल कंडवाल ने बताया कि घटना की लिखित सूचना बाजार चौकी को दे दी गई है। इस संबंध में बाजार चौकी इंचार्ज प्रवीन कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। बैंक के वीडियो फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान करना मुश्किल है। इस मामले में विवेचना जारी है।
