अभिभावकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

धारचूला। राजकीय इंटर कालेज कालिका में प्रवक्ताओं की नियुक्ति करने समेत तमाम मांगों को लेकर अभिभावकों ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निदेशक को ज्ञापन भेजा है। इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पीटीए अध्यक्ष भीम सिंह कार्की के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि विद्यालय में कालिका समेत गोठी, दराती, बजानी, खुमती और लिड़वा के 500 से अधिक छात्र अध्ययनत हैं। विद्यालय में स्थाई प्रधानाचार्य समेत अर्थशास्त्र, संस्कृत, गणित विषयों के प्रवक्ताओें की कमी है। 2000 में विद्यालय का उच्चीकरण हुआ, तब से विद्यालय का मुख्य भवन नहीं बन सका है। छात्रों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के लिए एनएसएस और एनसीसी की सुविधा भी नहीं हैं। फर्नीचर की व्यवस्था न होने से विद्यार्थियों को जमीन में बैठकर पढ़ना पड़ता है। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि 2009 की आपदा में विद्यालय की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। अभिभावकों ने इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन भेजने वालों में महेंद्र बुदियाल, कैलाश धामी, रुकुम सिंह बिष्ट, हरीश धामी, हर सिंह कार्की, राकेश तिवारी, दीपक बिष्ट आदि मौजूद थे।

Related posts