
गैरसैंण। पूर्व वन मंत्री, भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह रावत गांववासी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर आपदा से निबटने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जब बांधों में मुद्दे पर उन्होंने आंदोलन किया तो उनकी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने भी सहयोग नहीं किया। पिथौरागढ़ के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण यहां पहुंचे गांववासी ने ‘अमर उजाला’ से वार्ता में कहा कि राहत कार्य युद्व स्तर पर होने चाहिए लेकिन सरकार इसमें विफल रही। उन्होंने श्रीनंदा राजजात यात्रा को स्थगित किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, बुधवार और रोहिणी नक्षत्र होने से राजजात के शुभारंभ के लिए अच्छा दिन था।
हिमालय क्षेत्र के राज्यों के लिए अलग से मंत्रालय की मांग करते हुए गांववासी ने कहा कि कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में वे लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से हरिद्वार अथवा पौड़ी गढ़वाल सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की। इस मौके पर प्रमुख जानकी रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंचायत, रामचंद्र गौड़, बीरेंद्र टम्टा, महेंद्र पंवार मौजूद थे।
